News UDI | गढ़वा : जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय सभाकक्ष में बुधवार को उपायुक्त दिनेश यादव और पुलिस अधीक्षक अमन कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न हुई। आगामी रामनवमी, ईद और सरहुल पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने ‘ब्लूप्रिंट’ तैयार कर लिया है। अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि त्योहार की आड़ में अशांति फैलाने वालों पर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, मांस-मदिरा की बिक्री पर रोक
बैठक में माननीय सर्वोच्च न्यायालय और उच्च न्यायालय के आदेशों का हवाला देते हुए उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान डीजे (DJ) पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इसके स्थान पर पारंपरिक वाद्य यंत्रों और निर्धारित मानक वाले साउंड सिस्टम का उपयोग किया जा सकेगा। इसके साथ ही रामनवमी के दौरान जिले में मांस और मदिरा की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने का निर्णय लिया गया है।
सोशल मीडिया पर ‘तीसरी आंख’ का पहरा
पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने सोशल मीडिया को लेकर विशेष हिदायत दी है। उन्होंने कहा कि:
- साइबर सेल हर पोस्ट पर पैनी नजर रख रहा है।
- भड़काऊ पोस्ट साझा करने या अफवाह फैलाने वालों को सीधे जेल भेजा जाएगा।
- किसी भी अप्रिय घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल टोल-फ्री नंबर 112 पर देने की अपील की गई है।
- मंगला जुलूस और रामनवमी शोभायात्रा के दौरान शहरों में भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।
बुनियादी सुविधाओं के लिए अधिकारियों को डेडलाइन

उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंताओं को पर्व के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति, शुद्ध पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। नगर निकायों को विशेष सफाई अभियान चलाने और फायर ब्रिगेड को हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है।
“गढ़वा ने हमेशा गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश की है। हमें पूरा भरोसा है कि जिलेवासी पूर्व की भांति इस बार भी सभी त्योहार मिल-जुलकर मनाएंगे। प्रशासन सुरक्षा और सुविधा के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।” — दिनेश यादव, उपायुक्त, गढ़वा
सुरक्षा का कड़ा घेरा: मजिस्ट्रेट और फोर्स की तैनाती
विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले के संवेदनशील स्थलों पर भारी संख्या में दंडाधिकारी (Magistrate), पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। थाना स्तर पर भी शांति समिति की बैठकें कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मुखिया और स्वयंसेवी संगठनों का सहयोग लिया जा रहा है।
बैठक में ये रहे मौजूद : समीक्षा बैठक में डीडीसी पशुपतिनाथ मिश्रा, अपर समाहर्ता राज महेश्वरम, जिला परिवहन पदाधिकारी धीरज प्रकाश, तीनों अनुमंडलों के एसडीओ और एसडीपीओ, नगर परिषद अध्यक्ष आशीष कुमार सोनी सहित सभी प्रखंडों के बीडीओ, सीओ, थाना प्रभारी और विभिन्न धर्मों के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे।







