News UDI | गढ़वा : बेटियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की दिशा में गढ़वा जिला प्रशासन ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। सोमवार को जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा सदर अस्पताल परिसर में ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) वैक्सीन कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त (DC) दिनेश कुमार यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया।
सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा का ‘सुरक्षा कवच’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त दिनेश कुमार यादव ने कहा कि HPV वैक्सीन किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाने में एक अचूक हथियार है। उन्होंने जोर देते हुए कहा :
“यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित, प्रभावी और विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा प्रमाणित है। अभिभावकों को चाहिए कि वे अपनी बेटियों के स्वस्थ कल के लिए इस टीकाकरण अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।”
किसे और क्यों लगेगा यह टीका?
सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ. केनेडी ने इस अभियान की तकनीकी बारीकियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि :
- लक्षित आयु वर्ग : मुख्य रूप से 9 से 14 वर्ष की किशोरियों को यह सुरक्षा प्रदान की जा रही है।
- प्राथमिकता : वर्तमान में उन बच्चियों को प्राथमिकता दी जा रही है जिन्होंने अपना 15वां वर्ष प्रारंभ कर लिया है।
- बचाव : चूँकि HPV वायरस भविष्य में सर्वाइकल कैंसर का मुख्य कारण बनता है, इसलिए कम उम्र में टीकाकरण से शरीर में मजबूत रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित हो जाती है।
पीएम मोदी ने अजमेर से की थी देशव्यापी शुरुआत
प्रशासन ने जानकारी दी कि इस राष्ट्रीय अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 28 मार्च को राजस्थान के अजमेर से की गई थी। अब इसे चरणबद्ध तरीके से पूरे देश और झारखंड के हर जिले में लागू किया जा रहा है, ताकि महिलाओं के स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाया जा सके।
अभिभावकों से अपील
कार्यक्रम के दौरान जन-जागरूकता पर विशेष बल दिया गया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने सामूहिक रूप से अपील की कि लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और अपनी बेटियों का टीकाकरण सुनिश्चित कराएं। नियमित टीकाकरण से न केवल एक जीवन बचता है, बल्कि एक स्वस्थ समाज का निर्माण होता है।
उपस्थिति : इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ. कैनेडी, डीआरसीएचओ डॉ अरुण कुमार, सदर अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ माहेरू यमानी, सदर अस्पताल के मैनेजर डॉ विकास केसरी, सहिया कार्यक्रम के डीपीसी रोहित सिंह, जिला भीबीडी कंसल्टेंट अरविंद कुमार द्विवेदी के साथ स्वास्थ्य विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।






