News UDI | गढ़वा : चिनियां थाना क्षेत्र के राजबांस गांव के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। कमांडर जीप और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की भिड़ंत में 18 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि तीन महिलाओं सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
हादसे का विवरण
मृतका की पहचान माया कुमारी (18 वर्ष), पिता- सुरेश कोरवा के रूप में हुई है। वह भवनाथपुर थाना क्षेत्र के घाघरा गांव की रहने वाली थी। घायलों में निम्नलिखित लोग शामिल हैं:
- सत्यनारायण कोरवा: (मोटरसाइकिल चालक), चिनियां गांव निवासी।
- नेहा कुमारी: जमुना कोरवा की पुत्री, रमकंडा थाना क्षेत्र के गोबरदाहा गांव निवासी।
- राजकली देवी: मुखलाल भुइयां की पत्नी, राजबांस गांव निवासी (कमांडर सवार)।
- फुलझड़िया देवी: बिगन भुइयां की पत्नी, राजबांस गांव निवासी (कमांडर सवार)।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
परिजनों के अनुसार, सत्यनारायण कोरवा के साले विनोद कोरवा (थाना भवनाथपुर के कैलान गांव निवासी) की शादी 13 मार्च को राजबांस गांव में हुई थी। शादी के बाद दुल्हन के साथ दुल्हन की फुआ की बेटी नेहा कुमारी भी कैलान गांव गई थी। वहीं दूल्हे के मामा की बेटी माया कुमारी पहले से शादी में शामिल होने वहां पहुंची थी।
मंगलवार को जब सत्यनारायण अपने ससुराल से लौटने लगा, तो परीक्षा होने के कारण नेहा कुमारी और घूमने के उद्देश्य से माया कुमारी भी उसी मोटरसाइकिल पर सवार होकर चिनियां की ओर आ रही थीं। इसी दौरान राजबांस गांव के पास चिनियां बाजार जा रहे एक कमांडर गाड़ी से मोटरसाइकिल की सीधी भिड़ंत हो गई।
अस्पताल और पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को गढ़वा सदर अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद माया कुमारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, प्राथमिक उपचार के बाद सत्यनारायण कोरवा, नेहा कुमारी और राजकली देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।






