News UDI | गढ़वा : गढ़वा शहर के गोविंद उच्च विद्यालय के मैदान को अवैध पार्किंग अड्डा बनाने वालों की अब खैर नहीं। जन शिकायतों और नियमों की अनदेखी पर कड़ा रुख अख्तियार करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) संजय कुमार ने बुधवार को औचक छापेमारी की। इस दौरान मैदान में अवैध रूप से खड़ी तीन यात्री बसों और एक कमांडर जीप को जब्त कर उन पर 9100 रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
समझाने का वक्त खत्म, अब होगी सीधी कार्रवाई
एसडीएम संजय कुमार ने स्पष्ट किया कि वे केवल आदेश जारी करने में विश्वास नहीं रखते, बल्कि उसका जमीन पर अनुपालन भी सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने बताया कि :
- कार्रवाई से एक दिन पहले उन्होंने स्वयं चालकों के पास जाकर मैदान में वाहन न खड़ा करने का व्यक्तिगत अनुरोध किया था।
- इसके बाद बाकायदा लिखित आदेश भी जारी किया गया था।
- चेतावनी और आदेश के बावजूद उल्लंघन करने वालों को हतोत्साहित करने के लिए आज ‘रॉन्ग पार्किंग’ व अन्य धाराओं के तहत परिवहन विभाग के माध्यम से जुर्माना वसूला गया।
“गोविंद उच्च विद्यालय के मैदान केवल खेल गतिविधियों के लिए है। इसे व्यावसायिक पार्किंग स्थल में तब्दील करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। भविष्य में उल्लंघन करने वालों पर सख्त विधिक कार्रवाई होगी।” — संजय कुमार, एसडीएम, गढ़वा

प्रशासनिक अमला अलर्ट पर
मैदान को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए एसडीएम ने सुरक्षा चक्र मजबूत कर दिया है। कार्रवाई के दौरान उनके साथ नगर परिषद के नगर प्रबंधक, परिवहन विभाग के कर्मी और पुलिस बल मौजूद था। आगामी दिनों के लिए निम्नलिखित निर्देश जारी किए गए हैं:
- नगर परिषद एवं थाना प्रभारी : अवैध पार्किंग के विरुद्ध नियमित निगरानी सुनिश्चित करेंगे।
- परिवहन विभाग : जिला परिवहन पदाधिकारी ने अधीनस्थ कर्मियों को ‘नो पार्किंग’ जोन का उल्लंघन करने वालों पर निरंतर कार्रवाई का निर्देश दिया है।
जनता की शिकायतों पर कड़ा प्रहार
लंबे समय से स्थानीय निवासियों और खेल प्रेमियों द्वारा शिकायत की जा रही थी कि खेल के मैदान में बसों के जमावड़े से खेल गतिविधियां बाधित हो रही हैं। एसडीएम की इस त्वरित कार्रवाई से अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है, वहीं खेल प्रेमियों ने प्रशासन के इस कदम की सराहना की है।






