News UDI | गढ़वा : एलपीजी गैस की कालाबाजारी और ओवरचार्जिंग पर रोक लगाने के लिए गढ़वा प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार ने आम जनता की सुविधा के लिए एक व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। अब गढ़वा सदर अनुमंडल क्षेत्र के नागरिक गैस से जुड़ी किसी भी अनियमितता—जैसे कालाबाजारी, अधिक कीमत वसूली या अन्य शिकायत—सीधे व्हाट्सएप नंबर 74797 93189 पर दर्ज करा सकते हैं। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि इस नंबर पर कॉल नहीं करना है। नागरिक केवल मैसेज, फोटो, वीडियो या ऑडियो के माध्यम से अपनी शिकायत और साक्ष्य भेजें। प्रशासन द्वारा प्राप्त शिकायतों के आधार पर संबंधित मामलों की जांच की जाएगी और जरूरत पड़ने पर छापेमारी एवं कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि इस नंबर को अपने मोबाइल में सेव करें और गैस से जुड़ी किसी भी गड़बड़ी की जानकारी साझा कर प्रशासन का सहयोग करें। साथ ही यह भी बताया गया कि यह हेल्पलाइन केवल सदर अनुमंडल क्षेत्र के लिए लागू है। एसडीएम ने यह भी चेतावनी दी है कि झूठी या भ्रामक शिकायतें न करें, क्योंकि सभी मामलों की गंभीरता से जांच होगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।






