News UDI | गढ़वा : गढ़वा जिला मुख्यालय से सटे अरंगी मोड़ स्थित “द रिलैक्स स्पा सेंटर” में चल रहे संदिग्ध खेल का भंडाफोड़ करने के लिए प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। मीडिया में आई खबरों और शिकायतों के बाद सदर अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) संजय कुमार ने बुधवार को उक्त स्पा सेंटर (मसाज सेंटर) पर औचक छापेमारी की। प्रशासन की आहट पाते ही संचालक और स्टाफ सेंटर में ताला जड़कर फरार हो गए, जिसके बाद एसडीएम ने एहतियातन सेंटर को सील कर दिया है।
शटर गिराकर छत से भागे कर्मी
हैरानी की बात यह रही कि स्पा सेंटर का बोर्ड आज अचानक हटा दिया गया था। छापेमारी के दौरान स्पा के तीनों शटर अंदर से बंद मिले। मामला संदिग्ध देख एसडीएम संजय कुमार खुद सक्रिय हुए और टीम के साथ छत पर चढ़कर सीढ़ियों के रास्ते अंदर दाखिल हुए, जिसके बाद शटर खोला गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह सेंटर कल (मंगलवार, 07 अप्रैल 2026) तक धड़ल्ले से चल रहा था, लेकिन छापेमारी की भनक लगते ही संचालक मुकुंद लाल और सभी महिला कर्मी मौके से गायब हो गए।
तलाशी में मिला संदिग्ध सामान : ताश की गड्डियां और जली हुई पर्चियां बरामद

स्पा सेंटर के अंदर का नजारा देख अधिकारी भी दंग रह गए। जांच के दौरान मौके से निम्नलिखित सामग्रियां बरामद की गईं :
- ताश की 5 गड्डियां (जो वहां जुए या अन्य गतिविधियों की ओर इशारा करती हैं)।
- दो बिना नंबर की मोटरसाइकिलें।
- मसाज से संबंधित सामग्री और रेट चार्ट।
- चार बेड और भारी मात्रा में जले हुए कागजों के अवशेष (संभवतः सबूत मिटाने की कोशिश)।
सबूत मिटाने की कोशिश, सेंटर अब पुलिस की निगरानी में
एसडीएम ने बताया कि मौके पर परिस्थितियां और मिली सामग्रियां यह स्पष्ट करती हैं कि यहां की गतिविधियां संदिग्ध थीं। संचालक मुकुंद लाल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। एसडीएम संजय कुमार ने कड़ा संदेश देते हुए कहा, “समाचारों के माध्यम से मिली जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। फिलहाल सेंटर को सील कर दिया गया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कड़ी विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”







