News UDI | गढ़वा : विश्व यक्ष्मा दिवस (World TB Day) के अवसर पर मंगलवार को गढ़वा जिला मुख्यालय स्थित सिविल सर्जन कार्यालय के सभागार में भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिविल सर्जन डॉ. जान एफ केनेडी ने दीप प्रज्वलित कर समारोह की शुरुआत की।
इस अवसर पर टीबी उन्मूलन की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों और समाजसेवियों को सम्मानित भी किया गया।
गढ़वा जिला टीबी उन्मूलन में झारखंड में अव्वल
जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. गोविंद प्रसाद सेठ ने जिले की उपलब्धि साझा करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा वर्ष 2030 तक देश को टीबी मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने गर्व के साथ बताया:
- वर्ष 2023 : 26 पंचायतें टीबी मुक्त हुईं।
- वर्ष 2024 : 54 पंचायतें टीबी मुक्त हुईं, जिससे गढ़वा जिला पूरे झारखंड में प्रथम स्थान पर रहा।
- वर्ष 2025 : 53 पंचायतें टीबी मुक्त घोषित की गईं।
- विशेष उपलब्धि: जिले की 14 पंचायतें पिछले 3 वर्षों से लगातार सभी मापदंडों को पूरा करते हुए पूर्णतः टीबी मुक्त हो चुकी हैं।
टीबी से डरें नहीं, सही समय पर कराएं जांच
सिविल सर्जन डॉ. जान एफ केनेडी ने बताया कि 24 मार्च 1882 को वैज्ञानिक रॉबर्ट कॉक ने टीबी के बैक्टीरिया की खोज की थी। उन्होंने कहा:
“टीबी पूरी तरह ठीक होने वाली बीमारी है। बस शर्त यह है कि मरीज दवा का पूरा कोर्स बिना छोड़े पूरा करे। सरकारी अस्पतालों में इसकी जांच और दवाएं पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध हैं।”
डॉ. केनेडी ने लोगों से पौष्टिक आहार लेने और स्वस्थ दिनचर्या अपनाने की अपील की, ताकि रोग प्रतिरोधक क्षमता बनी रहे।
100 दिवसीय टीबी उन्मूलन अभियान की शुरुआत
WHO कंसल्टेंट डॉ. अर्जुन कृष्णन ने जानकारी दी कि जिले में आज से 100 दिवसीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम शुरू किया गया है। इसके तहत उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों (High-risk areas) में स्वास्थ्य टीमें प्रतिदिन जाकर जांच करेंगी और इसकी नियमित रिपोर्टिंग की जाएगी।
निक्षय मित्रों का सराहनीय योगदान
एसडीपीएस जितेन्द्र कुमार ने जिले के आंकड़े साझा करते हुए बताया कि वर्तमान में गढ़वा में :
- एक्टिव टीबी मरीज: 1251
- दवा प्रतिरोधी (Drug Resistant) मरीज: 54
- निक्षय मित्र: 248 (जो 359 मरीजों को गोद लेकर उनकी मदद कर रहे हैं)
बेहतर कार्य के लिए ये हुए सम्मानित
कार्यक्रम में स्वास्थ्य सेवा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले निम्नलिखित कर्मियों को सम्मानित किया गया :
- जितेन्द्र कुमार (SDPS)
- नुरुल्लाह अंसारी (PPM कोऑर्डिनेटर)
- सुनील कुमार पांडेय (STS)
- विश्वास कुमार शर्मा (लैब टेक्नीशियन)
- निक्षय मित्र नंदलाल प्रसाद ( लायंस क्लब ऑफ गढ़वा विशाल के पूर्व अध्यक्ष)
- स्वास्थ्य सहिया
उपस्थिति : इस मौके पर गढ़वा प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष बसंत चौबे (मुखिया, मधेया पंचायत), मुखराम भारती (मुखिया, अचला पंचायत), डॉ. अरशद अंसारी (अध्यक्ष, IMA गढ़वा), डॉ. माहेरू यमानी(उपाधीक्षक, सदर अस्पताल, गढ़वा), गौरव कुमार (DPM), सुजीत कुमार मुंडा (DDM), अरविंद कुमार द्विवेदी( जिला भीबीडी कंसल्टेंट), यक्ष्मा विभाग के अकाउंटेंट निशांत कुमार सिन्हा, एसटीएसएस अरविंद कुमार अग्रवाल, एसटीएस कन्हैया कुमार, सुमन कच्छप, संजय कुमार रजक, सुनील कुमार, रंधीर कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।






