News UDI : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को असम के गुवाहाटी स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां कामाख्या मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। इस धार्मिक यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने विधि-विधान के साथ माता के चरणों में शीश नवाया और समस्त झारखंड वासियों के सुख, समृद्धि और उज्जवल भविष्य की मंगल कामना की।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुई पूजा
मंदिर परिसर में पुजारियों ने मुख्यमंत्री को पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई। इस दौरान मुख्यमंत्री पूरी तरह भक्ति भाव में लीन नजर आए। उन्होंने मां कामाख्या से राज्य के सर्वांगीण विकास और जन-कल्याण के लिए आशीर्वाद मांगा।
“माता के दरबार में आना मेरा सौभाग्य” – मुख्यमंत्री
पूजा के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने कहा :
“यह मेरा परम सौभाग्य है कि मुझे एक बार फिर माता रानी के दरबार में हाजिरी लगाने का अवसर मिला। मां कामाख्या की असीम कृपा झारखंड पर बनी रहे और हमारा राज्य निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे, यही मेरी कामना है।”










