General Crime Jharkhand Garhwa Ranchi Palamu Sports National International Tech Entertainment

खौफनाक बेवफाई: पति को रास्ते से हटाने के लिए पत्नी ने रची कत्ल की साजिश, 1 लाख में दी सुपारी; पिकअप से कुचलवाकर दी दर्दनाक मौत!

On: August 30, 2026 8:05 AM
Follow Us:
--Advertisement Here--

News UDI | गढ़वा : प्यार, बेवफाई और कत्ल का एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पुलिस प्रशासन से लेकर आम जनता तक के रोंगटे खड़े कर दिए हैं। जिस पत्नी को पति जिंदगी भर का साया समझता रहा, उसी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने सुहाग का बेरहमी से सौदा कर दिया। सड़क दुर्घटना की आड़ में छिपे इस खौफनाक कत्ल का गढ़वा पुलिस ने अब पूरी तरह से भंडाफोड़ कर दिया है।

हादसा नहीं, सोची-समझी हत्या!

दिनांक 05 जून 2026 को रंका थाना क्षेत्र के बरवाही के सुनसान जंगल में श्रीकांत रवि (निवासी: रामानुजगंज, वार्ड सं0-05, जिला-बलरामपुर, छत्तीसगढ़) की सड़क दुर्घटना में मौत की खबर सामने आई थी। वह अपनी TVS Apache मोटरसाइकिल (संख्या: CG30J-2224) से जा रहे थे। घटना के बाद मृतक की पत्नी मनीषा देवी ने रामानुजगंज थाने में आवेदन देकर दावा किया कि किसी अज्ञात वाहन ने उनके पति को टक्कर मार दी है। इस आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

लेकिन, इस मौत के पीछे का कड़वा सच तब बाहर आया जब ग्राम विजयनगर, थाना रामानुजगंज, जिला बलरामपुर ( छत्तीसगढ़) निवासी मृतक की मां शांति देवी (पति: स्व० रामेश्वर रवि) ने पुलिस के सामने न्याय की गुहार लगाई। उनकी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए गढ़वा पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (रंका) के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया।

किराएदार से हुआ इश्क, तलाक न मिलने पर रचा ‘खूनी खेल’

परवेज अंसारी उर्फ पप्पू एवं मो० हसन

पुलिस ने जब तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी (CCTV) फुटेज और सर्विलांस का सहारा लिया, तो परत-दर-परत खौफनाक राज खुलते चले गए:

  • झामुमो के गढ़वा जिला अध्यक्ष की बेटी है मनीषा :

दरअसल, गढ़वा जिले के चिनियां निवासी एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के वर्तमान जिला अध्यक्ष शंभू राम की पुत्री मनीषा की शादी 13 वर्ष पहले छत्तीसगढ़ के जिला बलरामपुर के रामानुजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत विजयनगर निवासी रामेश्वर रवि के पुत्र श्रीकांत से हुई थी। दंपती को तीन संतानें हैं। श्रीकांत शासकीय उच्च विद्यालय रामानुजगंज में आदेशपाल थे। वे रामानुजगंज में अपना मकान बना कर परिवार के साथ रहते थे।

  • 1 साल पुराना अवैध संबंध: मुख्य आरोपी मो० हसन (उम्र 21 वर्ष) रामानुजगंज बस स्टैंड में ‘मोबाईल सॉल्यूशन’ नाम की दुकान चलाता है। करीब एक साल पहले वह श्रीकांत रवि के घर पर किराएदार बनकर आया था। चूंकि मोहम्मद हसन भी ग्राम विजयनगर, थाना रामानुजगंज, जिला बलरामपुर ( छत्तीसगढ़) का ही रहने वाला था, इस कारण श्रीकांत के घर में भी उसका आना-जाना शुरू हो गया। यहीं से श्रीकांत की पत्नी मनीषा देवी (उम्र 32 वर्ष) और मो० हसन के बीच नजदीकियां बढ़ीं और अवैध संबंध स्थापित हो गए।
  • घर में कलह और तलाक की नाकाम कोशिश: श्रीकांत को दोनों के रिश्ते पर शक हो गया था, जिसके बाद पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होने लगा। मनीषा करीब 4 महीने पहले अपने मायके चली गई थी। वह अपने पति से तलाक लेना चाहती थी, लेकिन श्रीकांत इसके लिए तैयार नहीं हुआ।
  • 1 लाख रुपये में कत्ल का सौदा: जब श्रीकांत रास्ते का रोड़ा बनने लगा, तो मनीषा और मो० हसन ने उसे हमेशा के लिए खत्म करने का फैसला किया। मो० हसन ने गढ़वा जिले के रंका थाना क्षेत्र अंतर्गत बांदू गांव के रहने वाले इमरान अंसारी, असरार अंसारी और पिकअप चालक परवेज अंसारी उर्फ पप्पू से संपर्क किया और हत्या को एक्सीडेंट का रूप देने के लिए 1 लाख रुपये की सुपारी तय की।

बरवाही के सुनसान जंगल में दिया वारदात को अंजाम

योजना के मुताबिक, 05 जून 2026 को मनीषा देवी ने अपने पति श्रीकांत रवि को झांसा देकर मायके बुलाया। जैसे ही श्रीकांत रास्ते में (एनएच 343 गढ़वा अंबिकापुर मार्ग पर) रंका थाना क्षेत्र अंतर्गत बरवाही के सुनसान जंगल से गुजरा, सुपारी किलर व पिकअप चालक परवेज अंसारी उर्फ पप्पू ने सफेद रंग की पिकअप गाड़ी (JH03AP 9785) से उसकी अपाचे बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी और उसे कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

सीसीटीवी फुटेज और 50 हजार के ऑनलाइन ट्रांसफर से खुली पोल

पुलिस की सर्विलांस टीम ने जब रामानुजगंज चेकनाका का सीसीटीवी फुटेज खंगाला, तो घटना के वक्त मो० हसन को अपनी अर्टिगा कार के साथ वहां देखा गया। साथ ही कॉल डिटेल से पता चला कि घटना वाले दिन मनीषा और मो० हसन लगातार एक-दूसरे के संपर्क में थे और दोनों की लोकेशन घटनास्थल के आसपास ही थी।

28 अगस्त 2026 को पुलिस ने मो० हसन को भंडरिया मोड़ (गोदरमाना) से उसकी अर्टिगा कार के साथ हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने पूरी खूनी साजिश का खुलासा कर दिया। मो० हसन ने पिकअप चालक को 50 हजार रुपये का ऑनलाइन भुगतान भी किया था, जिसका स्क्रीनशॉट पुलिस ने जब्त कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपियों की सूची:

  1. मो० हसन (उम्र 21 वर्ष) – पिता: मो० हुनैन, सा०-विजयनगर, थाना-रामानुजगंज, जिला-बलरामपुर (छतीसगढ़)।
  2. परवेज अंसारी उर्फ पप्पू (उम्र 28 वर्ष) – पिता: मोसब्बर अंसारी, सा०-बान्दू, थाना-रंका, जिला-गढ़वा।
  3. मनीषा देवी (उम्र 32 वर्ष) – पति: स्व० श्रीकांत रवि, सा०+थाना-रामानुजगंज, जिला-बलरामपुर (छतीसगढ़)।

बरामद सामान:

  • पिकअप वाहन: सफेद रंग (सं० JH03AP 9785)
  • अर्टिगा कार: (सं० CG30F 8498)
  • स्मार्टफोन: 2 अदद (Vivo एवं OnePlus कंपनी के)
  • सबूत: 50 हजार रुपये के ऑनलाइन लेन-देन का प्रिंटेड स्क्रीनशॉट

सफलता हासिल करने वाली छापामारी टीम:

इस संगीन वारदात का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम में शामिल अधिकारी व जवान:

  • श्री रोहित रंजन सिंह (अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, रंका)
  • श्री सुभाष कुमार पासवान (पुलिस निरीक्षक, रंका अंचल)
  • पु०अ०नि० रवि कुमार केशरी (थाना प्रभारी, रंका)
  • पु०अ०नि० अनिल हेम्ब्रम (रंका थाना)
  • पु०अ०नि० सफीउल्लाह अंसारी (रंका थाना)
  • आरक्षीगण: लल्लू कुमार रवि (178), प्रमोद कुमार (180), एवं रवि भगत (47)

पुलिस का कहना है कि मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है और उनके खिलाफ भी जल्द कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Chinmay bhardwaj

Chinmay Bhardwaj is a journalist at News UDI covering local news from Garhwa and nearby areas of Jharkhand.

Join WhatsApp

Join Now

YouTube

Subscribe

Join Instagram

Join Now