News UDI | गढ़वा : गढ़वा जिले के बरडीहा थाना क्षेत्र से इलाज के दौरान लापरवाही के कारण 17 वर्षीय अनोज कुमार पाल की मौत की दुखद खबर सामने आई है। मृतक विशुनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत विशुनपुरा गांव के निवासी गणेश पाल का पुत्र था।
अनोज सोमवार को बरडीहा क्षेत्र के जीका गांव में अपने नाना के घर आया था। बुखार आने पर उसके मामा दिनेश पाल ने मंगलवार को उसे बरडीहा बाजार स्थित प्रज्ञा ड्रग स्टोर ले गए। परिजनों का आरोप है कि दवा दुकान संचालक नरेश प्रसाद के पुत्र शशि प्रसाद ने मना करने के बावजूद अनोज को गलत तरीके से नस में इंजेक्शन लगा दिया।
इंजेक्शन लगते ही अनोज वहीं बेहोश हो गया। गंभीर हालत में उसे पहले बरडीहा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से चिकित्सक डॉक्टर कुलदेव चौधरी ने उसे मझिआंव सीएचसी रेफर किया। हालांकि, रास्ते में ही किशोर ने दम तोड़ दिया। मझिआंव सीएचसी में ड्यूटी में तैनात चिकित्सक उसे मृत घोषित किया, जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर मझिआंव थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मृतक के परिजनों को सौंप दिया।
इधर, घटना के बाद से दवा दुकान संचालक दुकान बंद कर फरार है। परिजनों ने बताया कि इसी दवा दुकान पर वर्ष 2022 में भी आरती कुमारी नाम की लड़की की इलाज के दौरान मौत का मामला सामने आया था।
मृतक के परिवार वालों ने दुकान के ड्रग लाइसेंस की आड़ में किए जा रहे अवैध इलाज की निष्पक्ष जांच और संचालक की वैधानिक योग्यता स्पष्ट करने की मांग की है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।














