News UDI , गढ़वा : गढ़वा नगर परिषद चुनाव परिणाम को लेकर गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के समाजसेवी संजय कुमार उपाध्याय ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस बार गढ़वा की जागरूक जनता ने झूठ, लूट और भय की राजनीति को पूरी तरह नकार दिया है।
उन्होंने कहा कि जनता ने विकास और जनसरोकार की राजनीति को प्राथमिकता देते हुए आशीष सोनी उर्फ दौलत सोनी को भारी मतों से ऐतिहासिक विजय दिलाई। यह जीत सिर्फ एक प्रत्याशी की नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और उनके संघर्ष का परिणाम है।
संजय कुमार उपाध्याय ने कहा कि दौलत सोनी ने पिछले वर्षों में लगातार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास किए हैं। सड़क, सफाई, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर उनकी सक्रियता ही इस जनसमर्थन का आधार बनी।उन्होंने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष माहौल में मतदान होने से मतदाताओं ने खुलकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
संजय कुमार उपाध्याय ने यह भी कहा कि इस चुनाव में मतदाताओं ने राजनीतिक दलों और बाहरी स्टार प्रचारकों से अलग हटकर अपने बीच के प्रत्याशी को चुना है, जो गढ़वा की राजनीति में नए समीकरण की शुरुआत का संकेत देता है।
अंत में उन्होंने नव निर्वाचित अध्यक्ष दौलत सोनी एवं सभी वार्ड सदस्यों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई कि वे गढ़वा के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे।





