General Crime Jharkhand Garhwa Ranchi Palamu Sports National International Tech Entertainment

गढ़वा में मतदाता पुनरीक्षण पर प्रशासन सख्त: एसडीएम संजय कुमार ने BDO, CO और सुपरवाइजर्स को दिए कड़े निर्देश

On: March 18, 2026 9:49 AM
Follow Us:
news udi
--Advertisement Here--

News UDI | गढ़वा : आगामी सघन मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) को लेकर गढ़वा प्रशासन ने पूरी तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में सदर अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, 80-गढ़वा विधानसभा संजय कुमार ने अनुमंडल कार्यालय सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की, जिसमें प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), अंचल अधिकारी (CO), बीएलओ सुपरवाइजर तथा निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य कर्मी शामिल हुए।

बैठक के दौरान एसडीएम ने स्पष्ट रूप से कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण एक अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील प्रक्रिया है, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या त्रुटि स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि वे पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्यों को हर हाल में पूरा करें।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में बीएलओ अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर हाउस नंबरिंग, परिवार के मुखिया की सूची तैयार करने और प्रत्येक परिवार के वयस्क सदस्यों का विवरण संकलित करने का कार्य कर रहे हैं। इसके साथ ही प्रत्येक घर पर स्टीकर चिपकाने की प्रक्रिया भी जारी है। एसडीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन कार्यों की लगातार निगरानी की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि या गड़बड़ी की संभावना न रहे।

बैठक में डेटा की शुद्धता और सटीकता पर विशेष जोर दिया गया। एसडीएम ने कहा कि पहले से मैप किए गए डेटा की एक बार पुनः समग्र समीक्षा अनिवार्य रूप से की जाए। साथ ही अन्य राज्यों से आई नवविवाहिता महिलाओं की सही तरीके से मैपिंग सुनिश्चित की जाए और उनके माता-पिता के डेटा के आधार पर उनका सत्यापन किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिन मतदाता पहचान पत्रों में फोटो धुंधली या अस्पष्ट है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर अपडेट कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इसके अलावा उन्होंने बीएलओ सुपरवाइजर्स को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के बीएलओ को आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान करें तथा कार्यों की नियमित समीक्षा करें। वहीं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (BDO/CO) को अपने-अपने प्रखंड स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग करने और समय-समय पर समीक्षा बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया गया, ताकि कार्य की प्रगति पर नजर बनी रहे और किसी भी समस्या का त्वरित समाधान किया जा सके।

एसडीएम संजय कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित होना चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को टीमवर्क के साथ कार्य करने और आपसी समन्वय बनाए रखने की आवश्यकता है।

इस समीक्षा बैठक में गढ़वा के बीडीओ कुमार नरेंद्र नारायण, अंचल अधिकारी सफी आलम के अलावा मेराल, रंका, चिनिया और रमकंडा प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, लगभग 40 बीएलओ सुपरवाइजर एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे। बैठक के माध्यम से प्रशासन ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को लेकर किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी स्तरों पर सख्ती से निगरानी की जाएगी।

Join WhatsApp

Join Now

YouTube

Subscribe

Join Instagram

Join Now

Also Read

news udi

श्री बंशीधर नगर में रफ्तार का कहर: दो बाइकों की भीषण भिड़ंत में महिला की दर्दनाक मौत, पति और मासूम बेटी समेत तीन गंभीर

गढ़वा में ‘बाल विवाह मुक्त समाज’ के लिए DLSA ने कसी कमर : दो स्कूलों में विधिक जागरूकता की गूँज

news udi

गढ़वा के उंचरी में गोकशी पर वज्रपात : SDM-SDPO की अगुवाई में अवैध बूचड़खाना जमींदोज, पशुओं के कान के ‘टैग’ खोलेंगे राज

News UDI

वादे के पक्के निकले DDC पशुपतिनाथ मिश्र : व्यस्तता के बाद भी मत्था टेकने पहुंचे चेचरिया संकटमोचन मंदिर, ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत

News UDI

गढ़वा : धान अधिप्राप्ति में धांधली पर बड़ी कार्रवाई; FPO अध्यक्ष का कमीशन कटा, कंप्यूटर ऑपरेटर बर्खास्त, लाइसेंस रद्द करने का आदेश

News UDI

गढ़वा : नगर ऊंटारी उप-कारा के संचालन की तैयारियाँ तेज, सहायक महानिरीक्षक ने टीम के साथ किया औचक निरीक्षण