News UDI | गढ़वा : एसबीआई फाउंडेशन और रोज संस्था के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘संजीवनी क्लीनिक ऑन व्हील्स’ द्वारा बुधवार को कांडी प्रखंड के रानाडीह पंचायत अंतर्गत ग्राम रामबांध में भव्य स्वच्छता अभियान सह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राजकीय उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय रामबांध के प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों और स्कूली बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
गणमान्य अतिथियों ने किया शुभारंभ
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन रानाडीह पंचायत के मुखिया ललित बैठा, उप मुखिया संजू देवी, वार्ड सदस्य धनंजय सिंह, वीणा देवी और विद्यालय के प्रधानाध्यापक अजय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर स्वच्छता रैली भी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और बच्चों ने ‘स्वच्छ गांव-स्वस्थ गांव’ के नारे लगाए।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने दिए स्वच्छता के मंत्र

- डॉ. विजय गोस्वामी ने ग्रामीणों को स्वच्छता का महत्व समझाते हुए बताया कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए साफ-सफाई अनिवार्य है। उन्होंने किशोरियों को हैंड वॉश से हाथ धोने का सही तरीका सिखाया और उन्हें समाज में ‘स्वच्छता दूत’ बनने के लिए प्रेरित किया।
- मुखिया ललित बैठा ने ग्रामीणों से अपील की कि वे कचरे के लिए डस्टबिन का उपयोग करें, जलजमाव रोकने के लिए सोखता गड्ढा बनवाएं और खुले में शौच का त्याग कर अनिवार्य रूप से शौचालय का प्रयोग करें।
संजीवनी क्लीनिक की सराहना
वार्ड सदस्य धनंजय सिंह और उप मुखिया संजू देवी ने कहा कि ‘संजीवनी क्लीनिक ऑन व्हील्स’ गांव-गांव जाकर न केवल इलाज कर रही है, बल्कि लोगों की दिनचर्या में भी सुधार ला रही है। घर पर ही प्राथमिक उपचार मिलने से बीमारियां गंभीर रूप नहीं ले पा रही हैं, जो ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत है। आंगनबाड़ी सेविका मंजू देवी ने इस पहल के लिए एसबीआई फाउंडेशन और रोज संस्था का आभार व्यक्त किया।
किशोरी बालिकाओं को हाइजीन किट का वितरण

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से उपस्थित किशोरियों के बीच सेनीटेशन हाइजीनिक किट का वितरण किया गया। यह वितरण एएनएम, स्वास्थ्य सहिया और पंचायत प्रतिनिधियों के हाथों संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित:
- संजीवनी टीम : डॉ. विजय गोस्वामी, प्रतिमा देवी (एएनएम), राकेश कुमार (फार्मासिस्ट), राहुल कुमार (लैब टेक्नीशियन), लक्ष्मीकांत पांडेय (चालक)।
- रोज संस्था : अमरेंद्र कुमार उपाध्याय (सपोर्ट पर्सन), आनंद मोहन (कोऑर्डिनेटर), प्रभात कुमार (कंप्यूटर ऑपरेटर)।
- स्थानीय प्रतिनिधि व कर्मी : वार्ड सदस्य धनंजय सिंह, बीना देवी, शशि देवी (जल सहिया), संध्या देवी (स्वास्थ्य सहिया), मंजू देवी (आंगनबाड़ी सेविका), शोभा देवी (सहायिका), अजय कुमार सिंह (प्रधानाध्यापक)।








