News UDI | गढ़वा : गढ़वा प्रखंड का तिवारी मरहटिया गांव गुरुवार को पूरी तरह भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। अवसर था हिंदू नववर्ष और चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन का, जहाँ श्रद्धा और उत्साह के अनूठे संगम ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय कर दिया। देवी धाम शक्ति पीठ परिसर से निकाली गई भव्य कलश यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा।
वरुण पूजन के साथ भरा गया पवित्र जल
सुबह से ही देवी धाम शक्ति पीठ में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। गाजे-बाजे और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज के बीच कलश यात्रा मंदिर परिसर से शुरू होकर मुख्य मार्ग होते हुए पचपड़वा बाबा छठ घाट पहुंची।
कलश यात्रा की विशेषता यह रही कि उत्तर प्रदेश से आए विद्वान पंडितों ने पूरे विधि-विधान के साथ वरुण देव की पूजा-अर्चना संपन्न कराई। इसके पश्चात, श्रद्धालुओं ने अपने-अपने कलश में पवित्र जल भरा और पुनः मंदिर की ओर प्रस्थान किया।
जयघोष से भक्तिमय हुआ वातावरण

हाथों में कलश लिए श्रद्धालु जब वापस लौटे, तो ‘जय श्रीराम’, ‘जय मां दुर्गे’ और ‘श्रीमन नारायण’ के जयकारों से पूरा गांव गुंजायमान हो उठा। देवी धाम में विधिवत कलश स्थापना के साथ प्रथम दिन का कार्यक्रम संपन्न हुआ। भक्ति की यह बयार केवल कलश यात्रा तक सीमित नहीं है; रामनवमी के पावन अवसर पर गांव के नवयुवकों द्वारा श्रीरामचरितमानस नवाह्न परायण पाठ का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसने पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा भर दी है।
इनकी रही सक्रिय भूमिका
इस आयोजन को सफल और भव्य बनाने में गांव के प्रबुद्ध जनों और युवाओं ने दिन-रात एक कर दिया। कार्यक्रम के सफल संचालन में मुख्य रूप से:
- रविंद्र तिवारी, मुकेश तिवारी, रामनिवास तिवारी
- नीतीश तिवारी, शांति रंजन तिवारी, ऋषिकेश तिवारी
- आशीष वर्मा, विरेंद्र तिवारी, विनय तिवारी एवं पंकज तिवारी
सहित कई अन्य ग्रामीणों ने सराहनीय और सक्रिय भूमिका निभाई।






