News UDI | गढ़वा : आस्था, अध्यात्म और उत्साह का अनूठा संगम इन दिनों कांडी प्रखंड के चेचरिया गांव में देखने को मिल रहा है। नवनिर्मित बजरंगबली मंदिर में आयोजित पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय कर दिया है। 23 मार्च से शुरू हुआ यह धार्मिक अनुष्ठान आगामी 27 मार्च तक चलेगा, जिसमें वैदिक मंत्रोच्चार और श्रीराम कथा की गूंज से वातावरण पूरी तरह पवित्र हो गया है।
वैदिक अनुष्ठानों से शुद्ध हुआ वातावरण
महोत्सव के दूसरे दिन, मंगलवार (24 मार्च) को मंदिर परिसर में सुबह से ही आचार्यों द्वारा वैदिक कर्मकांड संपन्न कराए गए। मुख्य अनुष्ठानों में वेदी पूजन, अन्नाधिवास, जलाधिवास और फलाधिवास जैसे विधान शामिल रहे। इन धार्मिक प्रक्रियाओं के माध्यम से प्रतिमा और मंदिर की शुद्धि की जा रही है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं।
थाना प्रभारी का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे कांडी थाना प्रभारी अशफाक आलम का आयोजन समिति ने गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष चंद्रशेखर उपाध्याय (उर्फ विकास उपाध्याय) समेत गणमान्य लोगों ने उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर अरविंद उपाध्याय, विद्यापति उपाध्याय, सुशील उपाध्याय उर्फ छोटन उपाध्याय और बीडीसी प्रतिनिधि लवकुश कुमार रवि, आयोजन समिति के संयोजक कृष्ण मोहन उपाध्याय उर्फ सोनू उपाध्याय सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।

भव्य कलश यात्रा से हुई थी शुरुआत
बता दें कि इस महोत्सव का आगाज सोमवार को एक भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ था। गाजे-बाजे के साथ निकले श्रद्धालु मझिआंव स्थित बूढ़ीखांड़ पहाड़ी बजरंगबली मंदिर पहुंचे। वहाँ मत्था टेकने के बाद उत्तरी कोयल और बांयी बांकी नदी के संगम पर वाराणसी के आचार्य रवि पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश पूजन कराया और वहां से पुनः चेचरिया गांव स्थित नवनिर्मित बजरंगबली मंदिर पहुंचे, जहां मंडप प्रवेश आदि धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ। जबकि शाम को वृंदावन से आए आचार्य प्रभु दास जी महाराज ने ‘शिव विवाह’ प्रसंग सुनाकर श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। इस दौरान शिव विवाह से संबंधित झांकी भी निकाली गई।
आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा : नोट कर लें शेड्यूल
आयोजन समिति के संयोजक कृष्ण मोहन उपाध्याय ने बताया कि उत्सव अभी अपने शिखर पर पहुंचना बाकी है :
- 25 मार्च (बुधवार): वेदी पूजन और विभिन्न प्रकार के अधिवास।
- 26 मार्च (गुरुवार): सुबह 10 बजे से अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ, भव्य नगर भ्रमण और शय्याधिवास।
- 27 मार्च (शुक्रवार): मुख्य आयोजन – प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा, महायज्ञ की पूर्णाहुति और विशाल भंडारा।
अपील: आयोजन समिति ने चेचरिया और आसपास के सभी ग्रामीणों से इस पुनीत कार्य में सम्मिलित होकर पुण्य का भागी बनने की अपील की है।






