News UDI | गढ़वा : दुर्गा पूजा त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए गढ़वा पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। पुलिस अधीक्षक, गढ़वा श्री आशुतोष शेखर की ओर से जिले के सभी नागरिकों, पूजा समितियों और आयोजकों के लिए विशेष दिशा-निर्देश और अपील जारी की गई है। पुलिस ने साफ किया है कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
निर्देश :


पूजा समितियों एवं पंडालों के लिए अनिवार्य नियम :
- सुरक्षा एवं अग्निशमन: प्रत्येक पूजा पंडाल में क्षमता के अनुसार पर्याप्त मात्रा में अग्निशामक यंत्र (Fire Extinguishers) का होना अनिवार्य है।
- प्रवेश व निकास मार्ग : भगदड़ जैसी किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पंडाल में आने और जाने के लिए अलग-अलग रास्ते हों, जिनकी चौड़ाई कम से कम 5 मीटर होनी चाहिए। इसके अलावा, महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग कतारें बनाई जाएं।
- CCTV एवं वालंटियर्स : पंडालों के अंदर और बाहर प्रमुख स्थानों पर 24 घंटे (24×7) चालू हालत में CCTV कैमरे लगाए जाएं। साथ ही पर्याप्त संख्या में पहचान पत्र (ID Cards) धारक वालंटियर्स तैनात किए जाएं।
- आपातकालीन नंबर : पंडाल के मुख्य स्थानों पर पुलिस, स्थानीय फायर स्टेशन, एम्बुलेंस और नजदीकी डॉक्टरों के आपातकालीन फोन नंबर बड़े अक्षरों में प्रदर्शित होने चाहिए।
- पार्र्किंग व्यवस्था : ट्रैफिक जाम और आपातकालीन रास्तों में बाधा से बचने के लिए पंडाल से कम से कम 100 मीटर की दूरी पर वाहनों की पार्किंग सुनिश्चित की जाए।
जुलूस और धार्मिक कार्यक्रमों के लिए दिशा-निर्देश :
- जुलूस केवल पूर्व-निर्धारित रास्तों से ही निकाला जाएगा।
- जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार के उत्पात, आपत्तिजनक, धर्म-विरोधी या भड़काऊ गानों का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
- दुर्घटना से बचाव के लिए बिजली के तारों और पोल से उचित दूरी बनाकर रखने की अपील की गई है।
सोशल मीडिया पर गढ़वा पुलिस की ‘पैनी नजर’ :
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं, आपत्तिजनक फोटो/वीडियो शेयर करने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यदि कोई व्यक्ति भड़काऊ पोस्ट या आपत्तिजनक गतिविधि देखता है, तो वह तुरंत नजदीकी थाना या इन नंबरों पर सूचित कर सकता है :
- आपातकालीन हेल्पलाइन : Dial-112
- जिला कंट्रोल रूम : 6201261084
- मीडिया सेल : 7033784207
(नोट: सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।)
गढ़वा पुलिस ने जिलेवासियों से आपसी भाईचारे, सामाजिक एवं सांप्रदायिक सौहार्द के साथ दुर्गा पूजा का त्योहार मनाने की अपील की है।



















