News UDI | गढ़वा : त्योहारों का सीजन नजदीक आते ही बाजार में जहर घोलने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ा हंटर चलाया है। उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आज शनिवार को श्री बंशीधर नगर के कई प्रमुख खाद्य प्रतिष्ठानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान भारी मात्रा में मिलावटी मिठाइयां और एक्सपायरी खाद्य सामग्री जब्त कर मौके पर ही नष्ट कराई गई, जिससे मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है।
छापेमारी के दौरान हुए बड़े खुलासे:
- बनारस से आ रही थी जहर की खेप : जांच में खुलासा हुआ कि राजू मिष्ठान भंडार, सुकृति भोजनालय और राजहंस तिवारी की दुकान पर वाराणसी से लाई गई मिलावटी मिठाइयों (रसगुल्ला, बर्फी, पेड़ा और लड्डू) की धड़ल्ले से बिक्री हो रही थी। टीम ने करीब 50 किलोग्राम ऐसी संदिग्ध मिठाइयों को तुरंत नष्ट कराया।

- माही स्वीट्स में ऑन-स्पॉट पोल खुली : माही स्वीट्स में रसगुल्ले की ऑन-स्पॉट जांच की गई, जहां 5 किलोग्राम मिलावटी रसगुल्ला पकड़ा गया। इसे तत्काल नष्ट करवाते हुए लैब टेस्टिंग के लिए सैंपल लिया गया।
- बिना लाइसेंस चल रही थीं दुकानें : कई प्रतिष्ठान बिना वैध खाद्य लाइसेंस के धड़ल्ले से संचालित पाए गए। वहीं, कुछ दुकानों में धड़ल्ले से एक्सपायरी सामान बेचे जा रहे थे, जिन्हें तुरंत जब्त कर नष्ट किया गया।
- दुकानें बंद कर भागे कारोबारी : छापेमारी की भनक लगते ही कई खाद्य कारोबारी अपनी दुकानें और प्रतिष्ठान बंद कर मौके से रफूचक्कर हो गए।
लैब भेजे गए सैंपल, होगी सख्त कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी दीपश्री और किरण हेमब्रम के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई के दौरान सभी संदेहात्मक खाद्य पदार्थों के नमूने (सैंपल) एकत्र कर लिए गए हैं। इन्हें राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला, नामकुम, रांची भेजा जा रहा है। अधिकारियों ने दो टूक चेतावनी दी है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की दो टूक : सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
निरीक्षण दल ने सभी दुकानदारों और प्रतिष्ठान संचालकों को सख्त हिदायत दी है कि वे साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। केवल FSSAI मानक वाले खाद्य पदार्थों और प्रमाणित रंगों का ही इस्तेमाल करें, किसी भी प्रकार के अनावश्यक या हानिकारक रंगों का प्रयोग भारी पड़ेगा।

प्रशासन ने साफ कर दिया है कि त्योहारी सीजन में आम जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे जिले में ऐसा सघन अभियान लगातार जारी रहेगा। छापेमारी दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के साथ पुलिस बल और विभाग के कर्मी विवेक तिवारी, संतोष कुमार आदि भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।














