General Crime Jharkhand Garhwa Ranchi Palamu Sports National International Tech Entertainment

गढ़वा सदर अस्पताल विवाद : मरीज की मौत पर ऑर्थो सर्जन पर दर्ज FIR के खिलाफ डॉक्टरों का फूटा गुस्सा, IMA और JSHSA ने दी आंदोलन की चेतावनी

On: November 1, 2026 1:29 AM
Follow Us:
--Advertisement Here--

News UDI | गढ़वा : झारखंड के गढ़वा जिले के सदर अस्पताल में इलाज में लापरवाही के आरोप और डॉक्टर पर दर्ज प्राथमिकी (FIR) को लेकर स्वास्थ्य महकमे में घमासान मच गया है। इस मामले में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) गढ़वा और झारखंड राज्य स्वास्थ्य सेवा संघ (JSHSA) ने तीखा रुख अपनाते हुए प्रशासन को कड़ी चेतावनी दी है। डॉक्टरों का साफ कहना है कि यदि डॉक्टर के खिलाफ दर्ज झूठी FIR को तत्काल रद्द नहीं किया गया, तो वे बड़े पैमाने पर आंदोलन और चिकित्सीय कार्यों का बहिष्कार करने के लिए विवश होंगे।

क्या है पूरा मामला?

गढ़वा जिले के चिनियां की रहने वाली रानी कुमारी ने गढ़वा सदर थाना में दिए गए आवेदन में आरोप लगाया है कि 10 अक्टूबर 2026 को उनके भाई सुनील कुमार एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनका पैर टूट गया था। परिजनों के मुताबिक, उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल, गढ़वा में भर्ती कराया गया था।

शिकायत के अनुसार, शुरुआत में डॉ. दिनेश कुमार द्वारा मरीज का इलाज शुरू किया गया था। रात 9:00 बजे उनकी ड्यूटी समाप्त होने के बाद हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश कुमार मालवा ड्यूटी पर आए। आरोप है कि डॉ. मालवा ने इलाज में भारी लापरवाही बरती और रात में एक बार भी मरीज को देखने नहीं गए, जिसके कारण समय पर इलाज न मिलने से रात में ही सुनील कुमार की मौत हो गई। इसके बाद गढ़वा थाना में प्राथमिकी संख्या 657/2026 पर  BNS की धारा 106(1) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

IMA और JSHSA की संयुक्त बैठक में डॉक्टरों का आक्रामक रुख

इस पूरे घटनाक्रम के विरोध और वस्तुस्थिति स्पष्ट करने के लिए 31 अक्टूबर 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे सदर अस्पताल गढ़वा के सभागार में IMA गढ़वा एवं JSHSA गढ़वा की एक उच्चस्तरीय संयुक्त बैठक आयोजित की गई।

बैठक की संयुक्त अध्यक्षता डॉ. कुश कुमार (प्रभारी उपाधीक्षक, सदर अस्पताल), डॉ. नीतू सिंह (सचिव, IMA गढ़वा) एवं डॉ. टी. पीयूष (सचिव, JSHSA गढ़वा) ने की।

इस बैठक में गढ़वा के प्रमुख चिकित्सकों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें शामिल हैं :

  1. डॉ. कुश कुमार (सर्जन एवं प्रभारी उपाधीक्षक)
  2. डॉ. नीतू सिंह (सचिव, IMA गढ़वा)
  3. डॉ. टी. पीयूष (सचिव, JSHSA गढ़वा)
  4. डॉ. सुष्मिता
  5. डॉ. पी. काश्मूर
  6. डॉ. मनीष कुमार सिंह
  7. डॉ. कुमार निशांत सिंह
  8. डॉ. राजेश कुमार मालवा
  9. डॉ. अमन कुमार
  10. डॉ. रवि कुमार
  11. डॉ. चंद्रकांत मौर्य
  12. डॉ. राकेश कुमार तरुण
  13. डॉ. सुशील कुमार रमन
  14. डॉ. देशराज गहलोत
  15. डॉ. स्नेहलता राज
  16. डॉ. रमेश गुप्ता
  17. डॉ. शिशिर चंद्राकर
  18. डॉ. जितेंद्र कुमार
  19. डॉ. अंशु

बैठक के दौरान डॉ. टी. पीयूष ने सभी चिकित्सकों से एकजुट रहने और निष्ठापूर्वक अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया। इसके बाद डॉ. जितेंद्र कुमार और डॉ. राजेश कुमार मालवा से घटना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

डॉक्टरों द्वारा दी गई सफाई और तकनीकी तथ्य

  • प्राथमिक उपचार: डॉ. राजेश कुमार मालवा ने बैठक में स्पष्ट किया कि घायल सुनील कुमार को रात करीब 8:00 बजे इमरजेंसी में लाया गया था। तब ड्यूटी में मौजूद डॉ. जितेंद्र कुमार द्वारा मरीज का प्राथमिक परीक्षण किया गया, जिसमें एंटीसेप्टिक ड्रेसिंग, टांके लगाना, पैर में स्लैब/कच्चा प्लास्टर लगाना और जरूरी दवाइयां देना शामिल था।
  • ड्यूटी और उपस्थिति: डॉ. राजेश कुमार मालवा की ड्यूटी रात 9:00 बजे से सुबह 9:00 बजे तक थी। उन्होंने बताया कि वे अस्पताल में उपस्थित रहकर अन्य गंभीर मरीजों का भी इलाज कर रहे थे। जब उन्हें बुलाया गया, वे तुरंत मरीज को देखने गए और उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रिससिटेशन (Resuscitation) और उपचार के लिए हरसंभव प्रयास किया।
  • परिजन पर आरोप: डॉ. मालवा ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान मरीज के परिजनों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और जबरन BHT/उपचार से संबंधित कागजात छीन लिए।
  • पोस्टमार्टम रिपोर्ट का खुलासा : पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मरीज की मौत का असली कारण ‘स्प्लीन (प्लीहा/तिल्ली) की चोट’ बताया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने चर्चा करते हुए स्पष्ट किया कि सीमित संसाधनों में ऐसी आंतरिक चोटों (Internal Injuries) का शुरुआती अवस्था में निदान करना बेहद कठिन होता है और आंतरिक रक्तस्राव के कारण मरीज की हालत अचानक बेहद गंभीर हो सकती है।

IMA और JSHSA की स्पष्ट माँगें एवं कड़ा रुख

बैठक में उपस्थित सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों ने एकमत से माना कि डॉ. राजेश कुमार मालवा पर लगाए गए आरोप तथ्यों से परे और निराधार हैं। संगठन ने इस बात पर भी गहरी आपत्ति जताई कि इस मामले में माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा Jacob Mathew बनाम State of Punjab (2005) के मामले में चिकित्सकीय लापरवाही के आपराधिक मामलों हेतु निर्धारित दिशा-निर्देशों और कानूनी सुरक्षा-प्रक्रियाओं की सरेआम अनदेखी की गई है।

संगठन की मुख्य माँगें:

  • डॉ. राजेश कुमार मालवा के विरुद्ध दर्ज FIR को तत्काल निरस्त किया जाए।
  • सुप्रीम कोर्ट के Jacob Mathew बनाम पंजाब सरकार के मामले में उच्चतम न्यायालय के निर्णय के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन हो।
  • सरकारी अस्पतालों में कार्यरत चिकित्सकों को पर्याप्त सुरक्षा प्रदान की जाए।
  • चिकित्सकों के साथ दुर्व्यवहार, हमला, धमकी देने और सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले उपद्रवियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई हो।

आम जनता से अपील और प्रशासन को अंतिम चेतावनी

संगठन ने आम जनता से अपील की है कि वे डॉक्टरों पर भरोसा रखें। चिकित्सा विज्ञान में हर मरीज के जीवन की शत-प्रतिशत गारंटी संभव नहीं होती। सिर की चोट, आंतरिक अंगों की क्षति या अन्य गंभीर आपात स्थितियों में सर्वोत्तम इलाज के बावजूद कई बार मरीजों को बचा पाना कठिन हो जाता है—यहाँ तक कि देश के शीर्ष चिकित्सा संस्थानों में भी ऐसा होता है। केवल मरीज की मृत्यु को डॉक्टरों की लापरवाही मान लेना पूरी तरह अनुचित है।

संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि इस प्रकार झूठे मुकदमों के जरिए सरकारी चिकित्सकों को भयभीत किया गया, तो डॉक्टरों का मनोबल टूटेगा, जिससे गंभीर मरीजों को बाहर रेफर करने की प्रवृत्ति बढ़ेगी और अंततः इसका नुकसान आम जनता को ही भुगतना पड़ेगा।

IMA गढ़वा एवं JSHSA गढ़वा ने प्रशासन को स्पष्ट अल्टीमेटम दिया है कि यदि FIR शीघ्र निरस्त नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने और चिकित्सकीय कार्यों का पूर्ण बहिष्कार करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी सारी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

Chinmay bhardwaj

Chinmay Bhardwaj is a journalist at News UDI covering local news from Garhwa and nearby areas of Jharkhand.

Join WhatsApp

Join Now

YouTube

Subscribe

Join Instagram

Join Now

Also Read

बाबू दिनेश सिंह विश्वविद्यालय के विधि विभाग में रंगोली प्रतियोगिता: कला और संस्कृति के संगम ने मोहा मन, जानिए कौन रहा अव्वल

गढ़वा में मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर प्रशासन सख्त: बीएलओ और बीएलए-2 की बैठक कल, चप्पे-चप्पे पर होगी नजर

गढ़वा में पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर की दो टूक: त्योहारों में हुड़दंगियों पर रहेगी पैनी नजर, लंबित कांडों के निष्पादन में तेजी लाने का सख्त निर्देश

गढ़वा में पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर की दो टूक: त्योहारों में हुड़दंगियों पर रहेगी पैनी नजर, लंबित कांडों के निष्पादन में तेजी लाने का सख्त निर्देश

जनसुनवाई में खुलकर छलका आमजनों का दर्द, उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश

शहादत को सलाम : गढ़वा में 172 बटालियन सीआरपीएफ ने मनाया पुलिस स्मृति दिवस, शहीद स्मारक पर दी श्रद्धांजलि