News UDI | गढ़वा : उपायुक्त (DC) अनन्य मित्तल के निर्देशानुसार आज समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में अपर समाहर्ता (AC) राज महेश्वरम की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए फरियादियों की समस्याओं को एक-एक कर गंभीरतापूर्वक सुना गया। अपर समाहर्ता ने मामलों के यथाशीघ्र निवारण के लिए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवेदन अग्रसारित करते हुए कड़े निर्देश दिए।
आज की जनसुनवाई में मुख्य रूप से राशन, पेंशन, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, प्रधानमंत्री/अंबेडकर आवास, विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ, अतिक्रमण, रोजगार सृजन और बकाया मजदूरी भुगतान जैसे गंभीर मामले सामने आए।
जनसुनवाई में आए कुछ प्रमुख मामले :

- निजी भूमि पर अवैध रूप से लगा ट्रांसफार्मर हटाने की मांग : सदर प्रखंड के ग्राम बिशुनपुर निवासी विनय कुमार ने आवेदन देकर शिकायत की कि बिजली विभाग ने उनके प्लॉट के ठीक सामने (फ्रंट पर) अवैध रूप से ट्रांसफार्मर लगा दिया है, जिससे उनका पूरा प्लॉट प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले 3-4 वर्षों से वे जूनियर इंजीनियर और अधीक्षण अभियंता के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने ट्रांसफार्मर हटाने की गुहार लगाई है।
- अंचल कार्यालय की लापरवाही, केवाला भूमि को गलत ढंग से किया ट्रांसफर : रमना प्रखंड के सरांग निवासी मालती देवी, सरिता देवी और अनीता देवी ने आरोप लगाया कि रजिस्ट्री केवाला के माध्यम से खरीदी गई उनकी भूमि को अंचल कार्यालय द्वारा बिना किसी जांच-पड़ताल के, गलत तरीके से डिमांड खोलकर किसी अन्य के नाम स्थानांतरित कर दिया गया। बार-बार चक्कर काटने के बाद भी उनका ऑनलाइन म्यूटेशन लंबित रखा गया। उन्होंने मामले की जांच कर रमना अंचल अधिकारी को कार्रवाई का निर्देश देने का अनुरोध किया।
- आर्थिक तंगी से जूझ रही बुजुर्ग को अंबेडकर आवास की दरकार : डंडई प्रखंड के टोरी कला की स्थाई निवासी और बीपीएल परिवार से संबंध रखने वाली भगमनिया देवी ने अंबेडकर आवास निर्माण की स्वीकृति हेतु आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय है और वह वर्तमान में एक झोपड़ीनुमा घर में रहने को मजबूर हैं।
- योजना पूरी होने के बाद भी ‘वीर शहीद पोटो हो खेल विकास योजना’ का भुगतान लंबित : कांडी प्रखंड के जयनगरा निवासी बृजेंद्र कुमार ने शिकायत की कि वर्ष 2024 में ग्राम पंचायत खरौंधा के कोरगाई में ‘वीर शहीद पोटो हो खेल विकास योजना’ के तहत आवंटित कार्य को उन्होंने पूरा कर लिया था। इसके बावजूद अब तक उनका भुगतान लंबित है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
सभी अनुमंडलों और प्रखंडों में भी लगी जनसुनवाई

उपायुक्त अनन्य मित्तल के पूर्व आदेश के आलोक में आज जिले के सभी अनुमंडलों, प्रखंडों और अंचल कार्यालयों में भी जनसुनवाई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, ताकि सुदूरवर्ती ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान हो सके।
- रंका प्रखंड : प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) शुभम बेला टोप्पो की अध्यक्षता में जनसुनवाई हुई। इसमें अकायत हुसैन, प्रतिमा देवी और उर्मिला देवी ने नई सामाजिक सुरक्षा पेंशन की स्वीकृति का अनुरोध किया। वहीं रामलाल उरांव, प्रेमनी देवी, वासुदेव बैठा और मालती देवी ने रुकी हुई पेंशन को दोबारा चालू कराने की मांग की। इसके अलावा, कंचनपुर के शिवकुमार राम ने ‘बिरसा सिंचाई कूप योजना’ के तहत किए गए कार्य की बकाया राशि के भुगतान का आग्रह किया।
- गढ़वा अंचल : अंचल अधिकारी (CO) शफी आलम के समक्ष ग्राम झूरा निवासी मुकेश तिवारी ने जमीन के आपसी बंटवारे और भूमि स्वामित्व को लेकर चल रहे पारिवारिक गतिरोध को सुलझाने हेतु आवेदन दिया।
- रमना अंचल : अंचल अधिकारी विकास कुमार पांडे के समक्ष ग्राम मझिगांवा निवासी सूरज महतो ने शिकायत दर्ज कराई कि गांव के ही कुछ दबंगों द्वारा उनकी निजी भूमि पर जबरन कब्जा कर अवैध निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने निर्माण कार्य पर तुरंत रोक लगाने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
प्रशासन का आश्वासन : सभी जनसुनवाई कार्यक्रमों में अधिकारियों द्वारा आम जनता को आश्वस्त किया गया कि प्राप्त शिकायतों की गहन जांच कर उनका समयबद्ध और उचित निपटारा किया जाएगा। प्रशासन हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।














