News UDI | गढ़वा : गढ़वा थाना क्षेत्र के बेलचंपा से सड़क किनारे खड़े महिंद्रा ट्रैक्टर की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। झारखंड और बिहार पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के तीन शातिरों को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का महिंद्रा ट्रैक्टर, बिना नंबर प्लेट की तीन मोटरसाइकिलें और मोबाइल बरामद किए हैं। एसडीपीओ दिलू लोहार ने शुक्रवार को गढ़वा थाना में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान पूरे मामले का खुलासा किया।
दुकान के बाहर से गायब हुआ था ट्रैक्टर

गढ़वा थाना क्षेत्र के हूर गांव निवासी राजीव रंजन तिवारी की बेलचंपा में छड़-सीमेंट की दुकान है। गत 2 सितंबर को अज्ञात चोरों ने दुकान के बाहर खड़ी उनकी महिन्द्रा ट्रैक्टर (JH 14K 6114) उड़ा ली थी। पीड़ित की शिकायत पर गढ़वा थाने में बीएनएस की धारा 303(2) के तहत कांड संख्या 569/26 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।
ताराचंडी मंदिर पार्किंग से ट्रैक्टर के साथ मुख्य आरोपी धराया
तकनीकी सेल और गुप्त सूचना के आधार पर विशेष टीम ने बिहार के रोहतास एसपी और दरिगांव थाना पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया। संयुक्त टीम ने सासाराम स्थित मां ताराचंडी मंदिर परिसर की पार्किंग में छापेमारी कर चोरी का ट्रैक्टर बरामद कर लिया। मौके से रोहतास के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित पचास्वा गांव निवासी 27 वर्षीय रोहित कुमार को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में खुला बाइक चोरी का नेटवर्क, दो अन्य साथी दबोचे गए

गिरफ्तार रोहित कुमार से कड़ाई से पूछताछ के बाद गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों और बाइक चोरी के नेटवर्क का खुलासा हुआ। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने गढ़वा के मेराल थाना क्षेत्र के अटौला गांव में दबिश देकर 20 वर्षीय सचिन चौधरी और 26 वर्षीय महेश चौधरी को गिरफ्तार किया।
तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद, अन्य की तलाश जारी

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अटौला गांव से बिना नंबर प्लेट की दो मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जबकि कड़ियों को जोड़ते हुए एक अन्य बाइक पलामू जिले के हुसैनाबाद से जब्त की गई। बरामद बाइकों में एक स्प्लेंडर, एक सुपर स्प्लेंडर और एक अपाचे शामिल है।
एसडीपीओ ने बताया कि गिरोह से जुड़े एक अन्य फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। पुलिस का दावा है कि इस गिरोह की गिरफ्तारी से क्षेत्र में हुई अन्य कई वाहन चोरियों का भी जल्द खुलासा होगा। छापेमारी अभियान में गढ़वा थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी, मेराल थाना प्रभारी विष्णुकांत कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी व सशस्त्र बल शामिल थे।














