News UDI | गढ़वा : गढ़वा जिले के डंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोरटा गांव में एक अजीबोगरीब और खौफनाक मामला सामने आया है। यहां एक अज्ञात और रहस्यमयी विषैले जंतु ने ऐसा आतंक मचाया है कि पूरे गांव में हाहाकार मच गया है। महज कुछ ही घंटों के भीतर इस अज्ञात जंतु ने एक 12 वर्षीय किशोरी की जान ले ली, जबकि तीन अन्य लड़कियों समेत कुल चार लोग इसके हमले से गंभीर रूप से बीमार हैं। गांव में दहशत का माहौल इस कदर है कि लोग अपने घरों में ताले बंद कर रिश्तेदारों के यहां पलायन कर रहे हैं।
शौच के लिए निकली किरण की रास्ते में मौत

दिल दहला देने वाली इस घटना की शुरुआत गुरुवार सुबह करीब 10 बजे हुई। कोरटा गांव निवासी बेचन महतो की 12 वर्षीय पुत्री किरण कुमारी घर से बाहर शौच के लिए निकली थी। इसी दौरान उसके पैर में किसी अज्ञात विषैले जंतु ने काट लिया। देखते ही देखते किरण की तबीयत बिगड़ने लगी।
परिजनों ने आनन-फानन में उसे गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेदिनीनगर रेफर कर दिया। दुर्भाग्यवश, मेदिनीनगर ले जाने के दौरान गढ़वा थाना क्षेत्र के तिलदाग गांव के समीप रास्ते में ही किरण ने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव को लेकर घर चले गए और अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए। तब तक डंडा थाना पुलिस को इस घटना की जानकारी मिली। डंडा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और देर शाम सदर अस्पताल भेजकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया।
सिलसिलेवार ढंग से एक के बाद एक लड़कियां हुईं शिकार

किरण की मौत के बाद गांव में मातम पसरा ही था कि इस ‘रहस्यमयी’ जंतु ने एक के बाद एक कई और लड़कियों को अपना निशाना बनाना शुरू कर दिया:
- शाम 4:00 बजे : कृष्णा महतो की 19 वर्षीय पुत्री नीलम कुमारी को जंतु ने काटा। स्थानीय डॉक्टर से आराम न मिलने पर उसे मेदिनीनगर ले जाया गया।
- शाम 5:00 बजे : जुगेश्वर चौधरी की 19 वर्षीय पुत्री सोनम कुमारी जब घर में मवेशियों के लिए भूसा निकाल रही थी, तब उसके पैर में अज्ञात विषैले जंतु ने काट लिया। उसे भी सदर अस्पताल मेदिनीनगर में भर्ती कराया गया है।
- शाम 5:30 बजे : उपेंद्र महतो की 14 वर्षीय पुत्री रिद्धि कुमारी घर का काम कर रही थी, तभी वह भी इस अज्ञात जंतु का शिकार हो गई। उसे इलाज के लिए जिले से बाहर भेजा गया है।
जांच करने पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम के सामने पांचवा शिकार!

लगातार आ रहे इन मामलों के बाद जिला परिषद की पूर्व अध्यक्ष सुषमा मेहता ने सक्रियता दिखाते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट किया। सूचना मिलते ही सिविल सर्जन डॉ. जान एफ. केनेडी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की एक टीम शाम को कोरटा गांव पहुंची। इस टीम में सदर अस्पताल के प्रभारी प्रबंधक डॉ. विकास केसरी और दंत चिकित्सक डॉ. अमन कुमार सहित कई स्वास्थ्यकर्मी शामिल थे।
बताते हैं कि जब स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंचकर रहस्यमयी अज्ञात विषैले जंतु के काटने के बीमारों की स्थिति आदि के बारे में जानकारी ले रही थी, इसी बीच देर शाम करीब साढ़े सात बजे गांव में संदेश महतो के घर के बाहर अजय महतो के 12 वर्षीय पुत्र रविरंजन कुमार के बाएं पैर की उंगली में अज्ञात विषैले जंतु ने काट लिया। तब वहां कई महिलाएं और बच्चे बैठे हुए बातचीत कर रहे थे। रविरंजन एवं उसकी मां चिंता देवी भी वहीं बैठे हुए थे। आश्चर्यजनक बात यह रही कि किसी को भी वह विषैला जंतु दिखाई नहीं दिया। लेकिन बालक रविरंजन ने तुरंत अपनी मां से विषैले जंतु के काट लेने की बात बताई। फिर बालक तेज दर्द और घबराहट से तड़पने लगा। मौके पर मौजूद मेडिकल टीम ने तुरंत उसका प्राथमिक उपचार किया और बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया।
ग्रामीणों में भारी आक्रोश और खौफ

इस पूरी घटनाक्रम में सबसे रहस्यमयी बात यह सामने आई है कि इस अज्ञात जंतु ने अब तक जितने भी लोगों को काटा है, सभी के पैरों में ही काटा है। उस विषैले जंतु को किसी ने भी नहीं देखा है। उसके काटने के बाद शरीर मे दर्द, घबराहट होने तथा मुंह से फेन-गाज निकलने जैसे लक्षण सामने आ रहे हैं। बताते हैं कि किरण कुमारी के मामले में सर्पदंश समझा गया था। लेकिन किरण कुमारी ने भी परिजनों को यह स्पष्ट तौर पर नहीं बताई थी कि उसे क्या काटा है। जबकि आम ग्रामीण खपरबिच्छा काटने की भी चर्चा कर रहे हैं। लेकिन अभी तक जितने लोगों को काटा, किसी ने उसे देखा नहीं है।
गांव में पसरा सन्नाटा : खौफ का आलम यह है कि लोग अब अपने ही घरों के अंदर जाने से डर रहे हैं। कई परिवारों ने अपने घरों में ताला जड़ दिया है और पड़ोसी गांवों में अपने रिश्तेदारों के यहां शरण ले ली है।
इधर, नाराज ग्रामीणों ने गांव पहुंची मेडिकल टीम के सामने जमकर हंगामा और आक्रोश भी व्यक्त किया। फिलहाल सिविल सर्जन की टीम और स्थानीय प्रशासन जंतु की पहचान करने और ग्रामीणों को इस खौफ से निजात दिलाने के लिए कैंप कर रही है।














