News UDI | गढ़वा : झारखंड प्रशासनिक सेवा की वरिष्ठ अधिकारी श्रीमती प्रेमलता मुर्मू ने गढ़वा जिले के 32वें उप विकास आयुक्त (DDC) के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। समाहरणालय स्थित उप विकास आयुक्त कार्यालय में आयोजित एक समारोह के दौरान निवर्तमान डीडीसी श्री पशुपतिनाथ मिश्रा ने उन्हें कार्यभार सौंपा और पुष्पगुच्छ भेंट कर नए कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं।
पदभार संभालते ही नई उप विकास आयुक्त एक्शन मोड में नजर आईं। उन्होंने तुरंत विकास शाखा के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ एक परिचयात्मक बैठक की, जिसमें जिले में चल रही विकास योजनाओं और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई।
प्रशासन को बनाएंगे पारदर्शी और जनकेंद्रित

बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त श्रीमती प्रेमलता मुर्मू ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा :
”गढ़वा जिले का सर्वांगीण, समावेशी और सतत विकास मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिला प्रशासन को और अधिक पारदर्शी, जवाबदेह, संवेदनशील और जनकेंद्रित बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।”
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को ‘टीम भावना’ के साथ काम करने की नसीहत देते हुए कहा कि किसी भी सरकारी योजना की सफलता उसके सही और समयबद्ध क्रियान्वयन पर निर्भर करती है। इसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल होना बेहद जरूरी है।
समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुँचेगा लाभ

श्रीमती मुर्मू ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर जोर देते हुए कहा कि विकास की सार्थकता तभी है जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। उन्होंने स्पष्ट किया कि अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को मुख्यधारा से जोड़ना और उन तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होगी।
समाहरणालय में दिखा उत्साह का माहौल
झारखंड प्रशासनिक सेवा (प्रथम बैच) की वरिष्ठ अधिकारी श्रीमती प्रेमलता मुर्मू के आगमन से गढ़वा समाहरणालय परिसर में काफी सकारात्मक और उत्साहपूर्ण माहौल देखा गया। पदभार ग्रहण समारोह के दौरान जिले के विभिन्न अधिकारियों और कर्मियों ने गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।














