News UDI | गढ़वा : जिले के नवपदस्थापित पुलिस अधीक्षक (SP) आशुतोष शेखर ने पदभार संभालते ही अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। सोमवार को समाहरणालय स्थित एसपी कार्यालय के सभागार कक्ष में आयोजित पहली ‘अपराध समीक्षा बैठक’ में उन्होंने जिले की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने और अपराधियों पर सख्ती से नकेल कसने के लिए कड़े निर्देश जारी किए।
लंबित मामलों पर ‘डेडलाइन’ और पोक्सो पर विशेष जोर
बैठक के दौरान एसपी आशुतोष शेखर ने स्पष्ट किया कि फाइलों में दबे मामलों को अब और समय नहीं दिया जाएगा। उन्होंने सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने का सख्त निर्देश दिया। विशेष रूप से पोक्सो (POCSO) एक्ट से संबंधित मामलों पर संवेदनशीलता बरतते हुए उनका विधिवत एवं समयबद्ध निवारण सुनिश्चित करने को कहा।
नक्सलियों पर नजर और सुरक्षा ऑडिट

जिले की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए एसपी ने सुरक्षा के मोर्चे पर कोई ढील न देने की हिदायत दी। उन्होंने निर्देश दिया कि:
- नक्सली निगरानी : न्यायिक हिरासत से बाहर आए नक्सलियों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाए।
- वाहन चेकिंग : अपराध पर नियंत्रण के लिए समय-समय पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जाए।
- अनुसंधान में तेजी : कोर्ट से संबंधित मामलों और पिछले माह दर्ज हुए कांडों की समीक्षा कर जांच (Investigatioin) की गति बढ़ाई जाए।
- विशेष संवेदनशीलता : एससी/एसटी (SC/ST) मामलों में पुलिस पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करे।
“थाना स्तर पर लंबित मामलों की समीक्षा के लिए सभी अनुसंधानकर्ता प्रतिदिन बैठक करें और सुनिश्चित करें कि कोई भी फाइल बिना वजह रुकी न रहे।” — आशुतोष शेखर, एसपी गढ़वा
तकनीकी और प्रशासनिक मोर्चे पर सख्ती
एसपी ने पुलिसिंग को आधुनिक बनाने के लिए ई-साक्ष्य पोर्टल पर कांडों की अनिवार्य एंट्री का निर्देश दिया। इसके साथ ही निम्नलिखित बिंदुओं पर विशेष कार्ययोजना बनाने को कहा :
- सत्यापन : पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन में तेजी लाना।
- कानूनी कार्रवाई : वारंट एवं कुर्की का शत-प्रतिशत निष्पादन।
- संगठित अपराध : चोरी, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट और साइबर अपराधों पर लगाम।
- पोर्टल मैनेजमेंट : साइबर पुलिस पोर्टल, जेओएफएस (JOFS), पीजी पोर्टल के साथ-साथ एनडीपीएस (NDPS), सीसीए (CCA) और आईटी एक्ट के मामलों का निस्तारण।
बैठक में उपस्थित प्रमुख अधिकारी

इस उच्चस्तरीय बैठक में जिले के लगभग सभी वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे, जिनमें शामिल हैं :
- एएसपी अभियान : राहुल देव बड़ाइक
- डीएसपी मुख्यालय : यशोधरा
- एसडीपीओ (गढ़वा) : नीरज कुमार
- एसडीपीओ (श्रीबंशीधर नगर) : सत्येंद्र नारायण सिंह
- एसडीपीओ (रंका) : रोहित रंजन सिंह
- प्रशिक्षु डीएसपी : चिरंजीव मंडल
- पुलिस निरीक्षक : बृज कुमार (मझिआंव अंचल) एवं जितेंद्र कुमार आजाद (श्रीबंशीधर नगर अंचल)
- गढ़वा थाना प्रभारी : इंस्पेक्टर सुनील कुमार तिवारी
बैठक के अंत में सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को चेतावनी दी गई कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस बैठक के बाद अब जिले में अपराधियों के खिलाफ एक बड़े अभियान की सुगबुगाहट तेज हो गई है।














