News UDI | गढ़वा : झारखंड के गढ़वा जिले से अपहरण और फिरौती का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक बड़ी कंपनी के कर्मचारी को अगवा कर लिया । हालांकि, गढ़वा पुलिस की त्वरित और चौतरफा घेरेबंदी के आगे अपराधियों के हौसले पस्त हो गए । पुलिस के बढ़ते भारी दबाव के कारण अपहरणकर्ता पीड़ित को छोड़कर भागने पर मजबूर हो गए । पुलिस ने घटना के मात्र 5 घंटे के भीतर अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया है और इस मामले में दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है ।
दिनदहाड़े बोलेरो से आए और कर लिया अपहरण
घटना बुधवार, 3 जून 2026 की है । एल०एन०टी० (L&T) कम्पनी में पाईप फिटर के पद पर कार्यरत 32 वर्षीय मुरारी तिवारी (पिता- राम नरेश तिवारी) सगमा स्थित सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया के पास काम करा रहे थे । तभी दोपहर करीब 02:30 बजे अचानक एक सफेद रंग की बोलेरो गाड़ी वहां आकर रुकी । गाड़ी में सवार चालक सहित 6 अपराधियों ने दिनदहाड़े मुरारी तिवारी का अपहरण कर लिया और उन्हें अपने साथ ले भागे ।
₹7.5 लाख की फिरौती, ऑनलाइन मंगाए 30 हजार रुपये
मुरारी तिवारी को अगवा करने के बाद अपराधियों ने उनके परिजनों से साढे सात लाख रुपये (₹7,50,000/−) की मोटी फिरौती की मांग की । इतना ही नहीं, अपराधियों ने तुरंत पैसों के लिए दबाव बनाते हुए पीड़ित के परिजनों से ऑनलाइन स्कैनर के माध्यम से ₹30,000/- भी ट्रांसफर करवा लिए ।
एसपी के निर्देश पर बनी स्पेशल टीम, चन्दना गांव में रेड
अपहरण की सूचना जैसे ही गढ़वा के पुलिस अधीक्षक (SP) आशुतोष शेखर को मिली, उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत श्री बंशीधर नगर के अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) सत्येंद्र नारायण सिंह जी नेको त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया । निर्देश मिलते ही एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया ।
तकनीकी साक्ष्यों (Technical Evidence) को खंगालते हुए पुलिस टीम ने मझिआंव थाना क्षेत्र के ग्राम-चन्दना में ताबड़तोड़ छापेमारी की । वहां पुलिस ने दो संदिग्धों— शेख अंसार और नदीम खान को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की । पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए माना कि उन्होंने स्कैनर के जरिए ₹30,000/- लिए हैं और इस कांड में शामिल अपने अन्य साथियों के नामों का भी खुलासा कर दिया । पुलिस ने दोनों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया ।
पुलिसिया दबिश के आगे झुके अपराधी, 5 घंटे में सकुशल बरामदगी
एक तरफ पुलिस दो आरोपियों को दबोचकर अन्य ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी, वहीं दूसरी तरफ पुलिस के इस तगड़े एक्शन और बढ़ते चौतरफा दबाव से अपहरणकर्ता बुरी तरह डर गए । खुद को घिरता देख अपराधी अपहृत मुरारी तिवारी को छोड़कर मौके से फरार हो गए । पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए अपहरण के महज 5 घंटे के भीतर पीड़ित को सकुशल बरामद कर लिया ।
मामला दर्ज, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पीड़ित मुरारी तिवारी के बयान के आधार पर धुरकी थाना में काण्ड सं0-66/26, दिनांक-04.06.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2)/115(2)/140(1)/140(2)/352/3(5) के तहत मामला दर्ज कर आगे का अनुसंधान शुरू कर दिया गया है । पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 02 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस इस गिरोह के बाकी फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार अपराधियों की कुंडली:
- शेख अंसार (पिता- शेख तसव्वर), ग्राम- चंदना, थाना- मझिआंव, जिला- गढ़वा
- नदीम खान (उम्र 21 वर्ष, पिता- शमीम खान), ग्राम- चंदना, थाना- मझिआंव, जिला- गढ़वा
सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम:
इस सफल और त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन में अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी श्री सत्येन्द्र नारायण सिंह (श्री बंशीधर नगर), पुलिस निरीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार आजाद (नगर उँटारी अंचल), पुलिस निरीक्षक श्री बृज कुमार (मझिआंव अंचल) सहित भवनाथपुर थाना प्रभारी रजनी रंजन, मझिआंव थाना प्रभारी अमित कुमार, हरिहरपुर ओ०पी० प्रभारी नसीम अंसारी और धुरकी थाना के पु०अ०नि० सुभाषकान्त अकेला एवं शेखर कुमार सिंह व पुलिस बल शामिल थे ।














