News UDI | गढ़वा : गढ़वा थाना क्षेत्र के शहर स्थित रामा साहू उच्च विद्यालय के मैदान में शुक्रवार की सुबह एक 19 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटकता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान टंडवा लोहार मोहल्ला निवासी बाबूराम प्रसाद गुप्ता के पुत्र दिव्यांशु कुमार उर्फ शुभम गुप्ता के रूप में की गई है।
इस घटना के बाद जहां स्थानीय स्तर पर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं, वहीं मृतक के परिजनों ने हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। फिलहाल, पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
प्रेम त्रिकोण और विवाद की बात आई सामने

मृतक के दोस्तों (आयुष कुमार और शिवम कुमार) के अनुसार, दिव्यांशु का एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। हालांकि, हाल के दिनों में वह युवती किसी अन्य युवक के करीब आ गई थी। कुछ दिन पहले दिव्यांशु ने दोनों को साथ देख लिया था, जिसके बाद शहर में आयोजित खाटू श्याम उत्सव के दौरान दिव्यांशु और उक्त युवक के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई थी।
दोस्तों ने बताया कि इस घटना के बाद से दिव्यांशु अत्यधिक मानसिक तनाव में था और लगातार आत्मघाती कदम उठाने की बात कह रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दोस्तों ने गुरुवार की रात ही इसकी जानकारी दिव्यांशु के परिजनों को दे दी थी।

रातभर तलाश करते रहे परिजन
सूचना मिलने के बाद परिजन और दोस्त रातभर शहर के अलग-अलग हिस्सों में दिव्यांशु की खोजबीन करते रहे, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। शुक्रवार की सुबह रामा साहू उच्च विद्यालय के खेल मैदान में एक युवक का शव रस्सी से लटके होने की सूचना मिली, जिसके बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसकी पहचान दिव्यांशु के रूप में की।
परिजनों का आरोप: “हत्या को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश”

मृतक के भाई कृष्णा गुप्ता ने बताया कि उन्हें गुरुवार रात भाई के दोस्तों से इनपुट मिला था, जिसके बाद वे रातभर खोजबीन कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि तीन दिन पहले एक युवती के विवाद को लेकर कुछ युवकों के साथ दिव्यांशु की मारपीट और कहासुनी हुई थी। परिजनों का दावा है कि दिव्यांशु आत्महत्या नहीं कर सकता, बल्कि उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटकाया गया है ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके।
पुलिसिया कार्रवाई: घटना की जानकारी मिलते ही गढ़वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां से प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।














