News UDI | गढ़वा : सोशल मीडिया पर रील बनाकर रातों-रात मशहूर होने का खुमार अब युवाओं की जिंदगी पर भारी पड़ने लगा है। गढ़वा में एक दर्दनाक हादसे ने रील के इस जानलेवा शौक की भयावह तस्वीर सामने ला दी है। मंगलवार को गढ़वा रोड-चोपन रेलखंड पर गढ़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत जोबरइया गांव के पास रेलवे ट्रैक पर रील बना रही एक 19 वर्षीय युवती ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि युवती के दोनों हाथ मौके पर ही कटकर अलग हो गए और वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल युवती की पहचान गढ़वा थाना क्षेत्र के अशोक बिहार मोहल्ला निवासी धीरज सिंह की पुत्री पूर्णिमा कुमारी के रूप में हुई है।
रील में मशगूल थी युवती, नहीं दिखी आती हुई ट्रेन

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्णिमा कुमारी अपने कुछ दोस्तों के साथ जोबरइया के समीप रेलवे ट्रैक पर मोबाइल से रील बना रही थी। वीडियो बनाने के जुनून में वह इतनी मशगूल थी कि उसे ट्रैक पर आ रही रांची-चोपन ट्रेन की आहट तक नहीं मिली। देखते ही देखते युवती ट्रेन की सीधी चपेट में आ गई। टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और पूर्णिमा खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ी।
हायर सेंटर रेफर, परिजनों में मचा कोहराम
घटना के तुरंत बाद साथ मौजूद दोस्त बदहवास स्थिति में उसे उठाकर गढ़वा सदर अस्पताल ले गए। सदर अस्पताल के आपातकालीन सेवा में तैनात डॉक्टरों ने तुरंत प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने और स्थिति बेहद नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए तुरंत हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
चेतावनी: रेलवे ट्रैक, पहाड़ी इलाकों या चलती गाड़ियों के पास रील बनाना कानूनी अपराध के साथ-साथ जानलेवा भी हो सकता है। चंद सेकेंड के व्यूज और लाइक के चक्कर में अपनी जान जोखिम में न डालें।














