News UDI | गढ़वा : गढ़वा थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए जिले में एक तरफ जहां बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की साजिश को नाकाम कर दिया है, वहीं दूसरी तरफ सदर अस्पताल परिसर से चोरी कर भाग रहे एक शातिर चोर को भी दबोचने में सफलता हासिल की है। दोनों मामलों की विस्तृत जानकारी बुधवार को गढ़वा थाना में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान गढ़वा के एसडीपीओ दिलू लोहार ने दी।
मामला 1 : हूर ओवरब्रिज के पास नाकेबंदी, क्रेटा कार से पिस्टल व कारतूस बरामद
गढ़वा थाना पुलिस को 15 सितंबर की शाम गुप्त सूचना मिली थी कि हूर ओवरब्रिज के पास सफेद रंग की हुंडई क्रेटा कार (रजिस्ट्रेशन नंबर: JH 01 FB 5927) में सवार कुछ सशस्त्र अपराधी किसी गंभीर और बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में मंडरा रहे हैं।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
पुलिस को देख एक चकमा देकर फरार, चालक पकड़ाया
पुलिस टीम ने शाम करीब 7:25 बजे हूर ओवरब्रिज पहुंचकर पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही कार में बैठा एक अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला। हालांकि, पुलिस बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए चालक की सीट पर बैठे युवक को मौके पर ही दबोच लिया।
बरामदगी और आरोपी की पहचान:
- पकड़ा गया आरोपी : शाहिद हुसैन (28 वर्ष), पिता- सलीम अंसारी, निवासी- जुटी कल्याणपुर, थाना व जिला- गढ़वा।
- बरामद हथियार व सामान : कार की डिक्की की गहन तलाशी लेने पर एक सिल्वर रंग की अवैध देसी पिस्टल (जिसके बट पर RIF अंकित है) और 8 mm KF के 3 जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा आरोपी के पास से वन प्लस (OnePlus) और सैमसंग (Samsung) कंपनी के दो मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त हुंडई क्रेटा कार को जब्त कर लिया गया है।
कॉल डिटेल से खंगाला जा रहा नेटवर्क
एसडीपीओ दिलू लोहार ने बताया कि जब्त मोबाइलों की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि हथियार कहां से सप्लाई हुए थे और दोनों अपराधी किस वारदात को अंजाम देने वाले थे। फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
छापेमारी टीम में शामिल पुलिसकर्मी :
इस कार्रवाई में गढ़वा थाना के पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी, पुलिस अवर निरीक्षक रंजन कुमार साह, प्रदीप यादव, अविनाश राज, आदित्य नायक, सहायक अवर निरीक्षक अरविंद दुबे व गौतम दास, आरक्षी विवेकानंद कुमार, अनुज कुमार पासवान, नोएस केरकेट्टा, हवलदार सतेंद्र उरांव तथा आरक्षी मनोज कुमार यादव शामिल थे।
मामला 2: सदर अस्पताल के पास तांबे की पाइप चुराकर भाग रहा चोर गिरफ्तार
गढ़वा पुलिस ने 15 सितंबर की रात ही एक अन्य कार्रवाई में सदर अस्पताल के पास तांबे का पाइप चोरी कर भाग रहे एक चोर को रंगे हाथ दबोच लिया।
8 दिन पहले ही जेल से छूटा था शातिर
एसडीपीओ ने बताया कि गश्ती के दौरान पुलिस ने सदर अस्पताल के समीप एक युवक को तांबे के दो पाइप लेकर भागते देखा। संदेह होने पर जब उसे खदेड़कर पकड़ा गया, तो उसकी पहचान गढ़वा शहर के उंचरी निवासी सोनू प्रसाद के रूप में हुई। आरोपी सोनू पूर्व में भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है और महज आठ दिन पहले ही जमानत पर बाहर आया था। बाहर आते ही उसने फिर से चोरी की घटना को अंजाम दे दिया। पुलिस ने तांबे की दोनों पाइपें बरामद कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
















